टपूकड़ा में युवक की हत्या, क्षेत्र में तनाव
टपूकड़ा (अनिल गुप्ता)
अलवर जिले के समीप टपूकड़ा थाना क्षेत्र के दांगनहेड़ी गांव में बीती रात हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। गांव निवासी 36 वर्षीय सोनू शर्मा पुत्र परमानंद शर्मा की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस मामले में मृतक के भाई महेंद्र ने टपूकड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए चार लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है।
रिपोर्ट में बताया कि 21 अगस्त की रात करीब साढ़े नौ बजे उन्हें सूचना मिली कि उनका भाई सोनू एक खाली प्लॉट में घायल अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंचने पर सोनू खून से लथपथ मिला। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। महेंद्र ने आरोप लगाया कि आरोपी सोनू के साथ शराब पी रहे थे और उसी दौरान झगड़े में उसकी हत्या कर दी गई।
घटना के बाद बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष थाने पहुंच गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए हंगामा किया। परिजनों ने शव लेने से इंकार कर दिया और टपूकड़ा का बाजार भी बंद करवा दिया।
पुलिस ने चार संदिग्धों को डिटेन कर पूछताछ शुरू कर दी है। तिजारा डीएसपी शिवराज सिंह और टपूकड़ा थानाधिकारी राजीव शर्मा ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल टपूकड़ा और आसपास के क्षेत्र में तनाव का माहौल है।

