सुसाइड नोट में लिखा- एक गलती मुझ पर भारी पड़ी, लालच में सब गंवा दिया:ऑनलाइन गेम में पैसे हारा, फंदे पर लटका
केकड़ी / अजमेर
अजमेर जिले में ऑनलाइन गेम में 1 लाख रुपए हारने पर युवक ने फंदा लगा लिया। युवक के पास सुसाइड नोट मिला। लिखा- एक गलती मुझ पर भारी पड़ गई, थोड़े से लालच में मैंने सब गंवा दिया। मामला केकड़ी इलाके का सोमवार सुबह का है।
थानाधिकारी कुसुमलता मीणा ने बताया- कृष्णा नगर निवासी सतीश (25) ने सोमवार सुबह छत पर कमरे में फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। युवक के भाई सूरजकरण ने बताया- वह सुबह 6.30 बजे बाद छत पर रखी पानी की टंकी को भरने गया था।
इस दौरान भाई सतीश फंदे पर लटका हुआ दिखा। उसने घरवालों को बुलाया और सतीश को फंदे से उतारकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूरजकरण ने सतीश की गर्लफ्रेंड के भाई समेत दो लोगों पर ब्लैकमेल कर पैसे ऐंठने और धमकी देने का आरोप लगाया है।


