भरतपुर:आशान्वित ब्लॉक कार्यक्रम में प्रभावी मॉनिटरिंग के साथ कार्यों को दें गति - जिला कलक्टर
भरतपुर (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय) 26 अगस्त। नीति आयोग के निर्देशानुसार आशान्वित ब्लॉक कार्यक्रम के अन्तर्गत वैर ब्लॉक में मंगलवार को पंचायत समिति के सभागार में जिला कलक्टर कमर चौधरी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित अधिकारियों से आशान्वित कार्यक्रम के 6 संकेतकों स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि एवं सहायक गतिविधियां, महिला एवं बाल विकास आदि के बारे में विस्तृत जानकारी लेते हुए रैंकिंग सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने सीईओ को रमासपुर को ओडीएफ में बनाने एवं पीएम आवास योजना में पात्रजनों को लाभान्वित करने की कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने केंद्र एवं राज्य सरकार की व्यक्तिगत लाभ की योजनाओं के सेच्युरेशन के लिए कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समन्वित प्रयास करते हुए कार्य करने की बात कही। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को इस दिशा में प्रभावी मॉनिटरिंग के साथ कार्यों को गति प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान बीमा योजनार्न्तगत लम्बित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने वैर, उच्चैन उपखंड अधिकारियों को निर्देश दिए कि चिकित्सा, महिला एवं बाल विकास, कृषि, राजीविका के ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों के साथ गर्भावस्था पंजीकरण, मधुमेह व उच्च रक्तचाप, गर्भवतियों को पोषाहार वितरण, मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित आदि निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने के लिए हर सप्ताह रिव्यू बैठक करें।
उन्होंने कहा कि प्रवेशोत्सव कार्यक्रम के तहत सभी सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालयों में कक्षा 1 से 5वीं, कक्षा 1 से 8वीं कक्षा एवं 1 से 12वीं कक्षा में छात्र-छात्राओं प्रवेश और स्थानांतरण होने पर आंकड़े संकलित किए जाए। उन्होंने शिशुओं और गर्भवती महिलाओं को बेहतर चिकित्सा सुविधा प्रदान करने के दृष्टिकोण से शारीरिक स्थिति जांच करने के लिए राजीविका और सीएमएचओ मिलकर शिविर आयोजित करें। शिविर में महिलाओं का रक्तचाप, शर्करा के स्तर, वजन, हीमोग्लोबिन परीक्षण, रक्त परीक्षण जांच करना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही मातृत्व मृत्यु दर को कम करना, गर्भवती महिलाओं को रोगों, उपचार एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है जिससे बच्चे के स्वस्थ्य जीवन के साथ ही सुरक्षित प्रसव को सुनिश्चित किया जा सके। गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों को नियमित पोषाहार वितरण करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि टीबी मुक्त भारत अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए निक्षय मित्र बनाकर मरीजों को निक्षय पोषण योजना का लाभ मिले एवं टीबी रोगियों को गोद लेने एवं फूड किट उपलब्ध कराने वाले भामाशाहों, जनप्रतिनिधियों के सहयोग के अलावा आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम में चिकित्सा विभाग द्वारा प्रदत्त टीबी सेम्पल संग्रहण लक्ष्यों की शत प्रतिशत प्राप्ति की जाए।
उन्होंने पीएचईडी अधिकारी को निर्देश दिए कि पेयजल कनेक्शन से वंचित विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में प्राथमिकता के साथ शीघ्र पेयजल उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शौचालय सुविधा से वंचित विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों की सूची उपखंड अधिकारी एवं सीईओ को उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जलजीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में गौरव पथ सड़कों को नहीं तोडते हुए, पाइपलाईनों को सडक किनारे डालें जिससे आमजन को आवागमन में बाधा उत्पन्न न हों। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों से समझाइश करते हुए जल जीवन मिशन के कार्यों में प्रगति लाये। उन्होंने पीएम डिजीटन साक्षरता अभियान के तहत शतप्रतिशत प्रमाण-पत्र जारी करने, वित्तीय समावेशन एवं सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत जनसुरक्षा योजना में अधिकाधिक लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर सीईओ जिला परिषद मृदुल सिंह, उपखण्ड अधिकारी वैर सचिन यादव, उच्चैन भारती गुप्ता, सीएमएचओ डॉ. गौरव कपूर एवं तहसीलदार वैर महेश शर्मा सहित अन्य ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।