भरतपुर :जिला कलक्टर ने भुसावर उपखण्ड का किया दौरा:राजस्व न्यायालयों के प्रकरणों, लंबित राजस्व प्रकरणों के निस्तारण सहित विभिन्न बिंदुओं पर बैठक
राजस्व प्रकरणों का शत-प्रतिशत हो निस्तारण, वसूली के प्रकरणों में लायें गति-जिला कलक्टर
भरतपुर (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय) 26 अगस्त। राजस्व न्यायालयों के प्रकरणों, लंबित राजस्व प्रकरणों के निस्तारण सहित विभिन्न बिंदुओं पर जिला कलक्टर कमर चौधरी की अध्यक्षता में मंगलवार को उपखण्ड कार्यालय भुसावर में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला कलक्टर ने राजस्व वसूली के लक्ष्य अर्जित करने की दिशा में विशेष प्रयास करने और वसूली की प्रगति बढाने के निर्देश उपखण्ड अधिकारी व तहसीलदार को दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि राजस्व प्रकरणों का शत-प्रतिशत निस्तारण एवं सीएमओ, संपर्क पोर्टल, लोकायुक्त से प्राप्त पत्रों का समय पर निस्तारण हो। उन्होंने निर्देश दिए कि पंजीयन एवं मुद्रांक वसूली प्रकरणों में प्रगति लाई जाए और मौका निरीक्षण बढाएं। ऑनलाइन म्यूटेशन के प्रकरणों का जल्द निस्तारण हो। उन्होंने निर्देश दिए कि इजराय के प्रकरणों में सभी उपखण्ड अधिकारी और तहसीलदार निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि कोर्ट केसों के निपटारे के लिए सभी उपखण्ड अधिकारी नियमित सुनवाई करना सुनिश्चित करें, भूमि आवंटन के प्रस्ताव जल्द भिजवाए जाएं।
जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि राजस्व से संबंधित कार्य के महत्व को देखते हुए बकाया प्रकरणों के निस्तारण व लक्ष्य अर्जित करने की कार्रवाई हो। राजस्व प्राप्ति के लक्ष्यों की तय समय पर प्राप्ति सुनिश्चित की जावे। उन्होंने गैर खातेदारी से खातेदारी, नामांतरण, सीमाज्ञान, राजस्व वसूली, फौजदारी प्रकरण, इजराय, सीलिंग प्रकरण, भू राजस्व अधिनियम की विभिन्न धाराओं, भूमि रूपांतरण प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर सम्पादित करने के निर्देश दिए। पंजीयन एवं मुद्रांक वसूली के प्रकरणों में गति लाने के लिए निरीक्षण किए जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि लोकायुक्त, सीएमओ, स्टार प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण किया जाए। इसके अलावा एमपी व विधायक कोष से कार्याे को शीघ्र पूर्ण करवाया जाए।
कृषि महाविद्यालय भुसावर का किया दौरा
जिला कलक्टर ने निर्माणाधीन कृषि महाविद्यालय में चल रहे सिविल कार्यों का मौके पर पहुंच कर निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारी को सिविल कार्य को गुणवत्तापूर्ण एवं समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला कलक्टर ने कॉलेज परिसर में एक पेड माँ के नाम अभियान के तहत मोलसरी का पौधा लगाया।
डॉ. उदय भान सिंह ने जिला कलक्टर को कॉलेज की प्रगति एवं समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि अकादमिक एवं प्रशासनिक भवन व दोनों छात्रावासों का निर्माण पूरा कर जल्द ही उद्घाटन कराया जायेगा। इस अवसर पर उपखण्ड अधिकारी राधेश्याम मीना, तहसीलदार भुसावर अभयराज सिंह, डीन डॉ. उदय भान सिंह, डॉ. राहुल कुमार, डॉ. एसएल यादव, डॉ. मोहित कुमार, डॉ. आकाश तंवर, भानुप्रिया पंकज, पटवारी सोमकुमार मौजूद रहे।