दूसरे लड़के से बात करती थी गर्लफ्रेंड, इसलिए मार डाला: घर के पास बॉडी मिली
गुस्साए परिजनों ने दूसरे दिन भी नहीं उठाया शव
झुंझुनूं जिले के गुढ़ा बावनी क्षेत्र में 7 सितंबर की रात हुई युवती की हत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। आरोप है कि युवती की उसके प्रेमी ने चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी। दूसरे युवक से बातचीत करने को लेकर प्रेमी नाराज चल रहा था।
लव-अफेयर से जुड़े इस हत्याकांड में परिजनों का मंगलवार से गुढ़ागौड़जी अस्पताल में धरना जारी है। आरोपी की गिरफ्तारी तक परिजन शव लेने को तैयार नहीं हैं। परिवार का साफ कहना है कि जब तक आरोपी सलाखों के पीछे नहीं जाएगा, तब तक वे अपनी बेटी का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
इधर, मामले की जानकारी मिलने पर सोमवार को पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढा भी धरनास्थल पर पहुंचे। गुढ़ा ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि आरोपी को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो आंदोलन उग्र किया जाएगा।

- रात को बुलाकर खेत में मार डाला
गुढ़ा थानाधिकारी राम मनोहर ठोलिया ने बताया कि घटना 7 सितंबर की आधी रात की है। खरबासो की ढाणी निवासी बंटी मेघवाल ने कानिका की ढाणी की रहने वाली टीना मेघवाल (19) को फोन कर घर से बाहर बुलाया। घर से करीब 150 मीटर दूर पड़ोसी कमलेश ओला के खेत में दोनों मिले। वहां आरोपी ने उसे दूसरे युवक से बातचीत बंद करने के लिए समझाया। इसी दौरान कहासुनी बढ़ गई। गुस्से में आकर बंटी ने उसकी चुन्नी से गला दबाकर हत्या कर दी और फरार हो गया। सुबह उसका शव खेत में मिला।
- 4 साल से थी दोस्ती, बहन ने शादी की बात भी चलाई थी
थानाधिकारी ठोलिया ने बताया कि आरोपी बंटी को डिटेन कर लिया है। उससे पूछताछ की गई है। पूछताछ में कई बातें सामने आई है। आरोपी से हर एंगल से पूछताछ कर रहे हैं। पूछताछ में सामने आया कि टीना की बंटी मेघवाल से तीन-चार साल से दोस्ती थी। इस बीच, टीना की बड़ी बहन ने दोनों की शादी की बात भी चलाई, लेकिन बात आगे नहीं बढ़ पाई।
लगभग 6 महीने पहले बंटी पढ़ाई के लिए जयपुर चला गया। इस दौरान टीना का किसी दूसरे युवक से संपर्क हो गया और वह बंटी को नजरअंदाज करने लगी। जब बंटी वापस गांव आया तो उसे पता चला कि टीना किसी और से बात कर रही है, जिससे वह नाराज हो गया।
- मुंह में घास ठूंसी हुई थी
सोमवार सुबह जब परिजनों ने युवती को बिस्तर पर नहीं देखा तो तलाश शुरू की। इसी दौरान पड़ोसी खेत मालिक ने जानकारी दी कि उसके खेत में शव पड़ा है। गले में चुन्नी बंधी हुई थी और मुंह में घास ठूंसी हुई थी। सूचना पर गुढ़ा थाना पुलिस, एएसपी हेमंत और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची। शव को गुढ़ागौड़जी हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया।
- धरना और विरोध प्रदर्शन
सोमवार को हत्या के बाद गुस्साए परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया। गुढ़ागौड़जी हॉस्पिटल परिसर में ही धरना शुरू कर दिया गया। परिजनों का कहना था कि आरोपी को तुरंत गिरफ्तार किया जाए, तभी शव उठाएंगे। मंगलवार को भी यह धरना जारी है।
ग्रामीणों की भारी भीड़ हॉस्पिटल के बाहर जुटी रही। महिलाओं ने भी धरने में भाग लिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए। परिजनों का कहना है कि उनकी बेटी की बेरहमी से हत्या की गई है और परिवार न्याय मिलने तक चैन से नहीं बैठेगा।
- पुलिस का पक्ष
झुंझुनूं एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय ने बताया कि 1 युवक को हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
- भाई ने दर्ज कराई रिपोर्ट
टीना के भाई पवन कुमार ने गुढ़ागौड़जी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करवाया। रिपोर्ट में कहा गया है कि आरोपी ने उसकी बहन के साथ ज्यादती कर गला दबाकर हत्या की। उसने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की।
- परिजनों का दर्द
धरने पर बैठे टीना के पिता ओमप्रकाश मेघवाल ने रोते हुए कहा, मेरी बेटी ने किसी का क्या बिगाड़ा था? आरोपी को तुरंत गिरफ्तार करो और सजा दिलाओ। पवन कुमार ने कहा, हम बहन का अंतिम संस्कार तभी करेंगे, जब आरोपी जेल में होगा। पुलिस अगर कार्रवाई नहीं करती तो हमें मजबूरन आंदोलन तेज करना पड़ेगा।
- पूर्व मंत्री की मौजूदगी और चेतावनी
धरने की सूचना पर पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा भी हॉस्पिटल पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात की। कहा कि ऐसे गंभीर मामले में पुलिस की सुस्ती बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
- पूर्व सरपंच से धक्का-मुक्की
परिजनों से समझाइश करने पहुंचे टोडी के पूर्व सरपंच ख्यालीराम के साथ मारपीट हो गई। वह परिजनों से समझाइश कर शव लेने और धरना खत्म करने की बात करने पहुंचे थे। भीड़ में से अचानक एक युवक आया और उसने गला पकड़ कर पूर्व सरपंच को धक्का दे दिया। घटना कैमरे में कैद हो गई। इसके बाद पुलिस ने आकर मामला संभाला और ख्यालीराम को सुरक्षित वहां से निकाला।

- 9 भाई-बहनों में सबसे छोटी थी टीना
टीना नौ भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। चार भाई और पांच बहनें हैं। इनमें से एक भाई और तीन बहनों की शादी हो चुकी है। टीना ने 12वीं तक पढ़ाई की थी। चार साल पहले पढ़ाई छोड़ दी और घर पर ही रहने लगी थी।

