दिशा समिति की बैठक में सांसद संजना जाटव ने विभागों की कार्य प्रणाली की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश
डीग (नीरज जैन) 23 सितंबर। डीग पंचायत समिति के सभागार में दिशा समिति की बैठक सांसद संजना जाटव की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित की गई। बैठक में सांसद जाटव ने विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली की समीक्षा कर जनहित से जुड़े मुद्दों आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सांसद जाटव ने कहा कि लोगो बेहतर चिकित्सा सुविधाए उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सालयों में स्वच्छता, समय पर एम्बुलेंस उपलब्धता और चिकित्सकों की उपस्थिति अनिवार्य है। उन्होंने आश्वस्त किया कि अस्पतालों की सुविधाओं का आकलन के लिए उनके द्वारा औचक निरीक्षण किए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे जनप्रतिनिधियों के फोन का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण जवाब दें। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह शहरी और ग्रामीण सेवा शिविरों में प्राप्त शिकायतों का तुरंत समाधान करें, ढीले तारों को दुरुस्त करें और पुरानी लाइनों को बदलने की कार्यवाही प्राथमिकता से करें। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को मिड-डे मील की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, निरंतर फील्ड निरीक्षण करने और जर्जर विद्यालय भवनों का गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने पर जोर दिया। सांसद जाटव ने जनस्वास्थ अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को नियमित जल आपूर्ति करने, चंबल परियोजना की दुरुस्ती और क्षतिग्रस्त सड़कों का शीघ्र निर्माण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और उनके समाधान में संवेदनशीलता व जवाबदेही दिखाएँ। उन्होंने जन औषधि केंद्रों को अधिकाधिक स्थानों पर खोलने की आवश्यकता भी जताई। सांसद संजना जाटव ने सभी अधिकारियों से कहा कि जनता की अपेक्षाएँ ही हमारी प्राथमिकता हैं। विकास कार्यों की गति तेज होनी चाहिए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।