अलवर में दिल्ली-मुबंई हाईवे के पास महिला की लाश मिली: सड़ गई वाटर हार्वेस्टिंग में पड़ी लाश
एक्सप्रेस वे के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देख रही पुलिस
अलवर में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर पिनान रेस्ट एरिया के पास चैनल नंबर 127.4 पर मंगलवार देर रात एक अज्ञात महिला का शव मिला। शव सड़ा-गला मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
महिला का शव वाटर हार्वेस्टिंग की नाली में पड़ा हुआ मिला। शव की हालत खराब होने के कारण शिनाख्त में पुलिस को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। एक्सप्रेस वे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पुलिस देख रही है।
5-7 दिन पुराना है शव, पुलिस कर रही जांच
राजगढ़ थाना पुलिस सूचना पर मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर राजगढ़ सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया। शव की हालत इतनी खराब है कि चेहरा पहचान में नहीं आ सकता। लाश की हड्डियां भी दिखने लग गई हैं।
पुलिस के अनुसार शव करीब 5 से 7 दिन पुराना है। फिलहाल पुलिस ने हर कोण से मामले की जांच शुरू कर दी है। संभावना जताई जा रही है कि महिला की हत्या कर शव नाली में फेंका गया है।
पुलिस ने तकनीकी जांच के साथ दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेस वे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके। फिलहाल शव की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।