दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ट्रक से टकराया कैंटर, ड्राइवर की मौत: पुलिस ने परिजनों को दी सूचना
जयपुर से दिल्ली लहसुन सप्लाई करने जा रहा था
गोविन्दगढ़ थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे लहसुन से भरा कैंटर एक खड़े ट्रक से टकरा गया। इस हादसे में कैंटर के ड्राइवर की मौत हो गई। घटना सुबह करीब 8 बजे की है।
थानाधिकारी बने सिंह मीणा ने बताया- मृतक की पहचान मेरठ निवासी हैदर खान (पुत्र लियाकत अली) के रूप में हुई है। हैदर अपने कैंटर में लहसुन लेकर जयपुर से दिल्ली जा रहे थे। सिरमौर के पास उनकी गाड़ी एक्सप्रेसवे पर खड़े एक ट्रक से टकरा गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

दुर्घटना के बाद, जिस ट्रक से टक्कर हुई थी, वह मौके से फरार हो गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, ड्राइवर को नींद आने की वजह से ये हादसा हुआ है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के कर्मचारियों ने घटना की सूचना गोविन्दगढ़ पुलिस को दी। पुलिस ने मृतक के शव को गोविन्दगढ़ सीएचसी की मॉर्च्युरी में रखवा दिया है। परिजनों के आने के बाद पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि एक्सप्रेसवे पर वाहनों को खड़ा करना गैरकानूनी है, लेकिन कई ड्राइवर नियमों का उल्लंघन करते हुए बिना परमिट के बने ढाबों के पास गाड़ियां खड़ी कर लेते हैं, जिससे ऐसी दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ रही है।