दीपावली पर नगर पालिका की विशेष पहल: कस्बे में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया
तखतगढ़ (बरकत खा)
दीपावली के शुभ अवसर पर नगर पालिका द्वारा अधिशासी अधिकारी मगराज चौधरी निर्देशक कस्बे में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिससे पूरा क्षेत्र स्वच्छता और सुंदरता की मिसाल बन गया। नगर पालिका की यह पहल न सिर्फ शहर को साफ-सुथरा बनाने की दिशा में एक सराहनीय कदम है, बल्कि नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता भी बढ़ा रही है। स्वच्छता अभियान के अंतर्गत सफाई की विशेष व्यवस्था की गई। इसके अलावा महापुरुषों की प्रतिमाओं की धुलाई एवं सजावट, कचरा प्वाइंट्स की सफाई, फॉगिंग और कीटनाशक पाउडर का छिड़काव भी किया गया। यह सभी कार्य दीपावली जैसे महत्वपूर्ण पर्व को स्वच्छ और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से किए गए। नगर पालिका के सफाई निरीक्षक मुकेश कुमार माली ने जानकारी देते हुए बताया कि “हमारा उद्देश्य है कि कस्बे के सभी नागरिकों को एक स्वच्छ, स्वस्थ और आकर्षक वातावरण मिले। दीपावली जैसे पर्व पर जब लोग अपने घरों को सजाते हैं, तो हमारा प्रयास है कि पूरा शहर भी उसी तरह चमके।
स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की व्यवस्थाएं लगातार की जानी चाहिए, जिससे स्वच्छता स्थायी रूप से बनी रहे। नगर पालिका की यह मुहिम प्रधानमंत्री के "स्वच्छ भारत अभियान" की भावना को भी आगे बढ़ाती है और सामाजिक जिम्मेदारी का एक बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत करती है