राम नवमी पर स्वर्णकार समाज की भव्य शोभायात्रा, श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत संगम केसरिया साफों और रामधुन से गुंजायमान हुआ तखतगढ़, श्रद्धालुओं की उमड़ी आस्था
तखतगढ़ (बरकत खान) राम नवमी के पावन अवसर पर तखतगढ़ स्वर्णकार समाज द्वारा गुरुवार शाम भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें पूरे नगर में भक्तिमय वातावरण छा गया। गाजे-बाजे और रामधुन के बीच निकली इस यात्रा में महिला, पुरुष और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आस्था का अनुपम परिचय दिया।
शोभायात्रा का शुभारंभ ज्वाहर चौक स्थित ठाकुरजी मंदिर से हुआ, जो मुख्य बाजार मार्ग से होते हुए खेड़ावास समाज के न्याति नोहरा तक पहुंची। मार्ग में श्रद्धालु नाचते-गाते आगे बढ़ते रहे, जिससे पूरा नगर राममय हो उठा।
महाराणा प्रताप चौक पर अतिथि सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां समाज के गणमान्य जनों का अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर भगवान राम की आकर्षक झांकी सजाई गई, जिसने सभी का मन मोह लिया।
जुलूस में शामिल समाज बंधु केसरिया साफा धारण कर और हाथों में ध्वज लेकर चल रहे थे, जिससे वातावरण और अधिक भक्तिमय बन गया। राम नवमी के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए स्वर्णकार समाज के सभी प्रतिष्ठान बंद रखे गए। शोभायात्रा में स्वर्णकार युवा मंडल की सक्रिय भागीदारी रही, वहीं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन को भव्यता प्रदान की।