त्योहारों के चलते बाजार गुलजार, दिवाली और धनतेरस पर खूब हो रही खरीदारी
लक्ष्मणगढ़ (अलवर/ कमलेश जैन) त्योहारों के चलते बाजार गुलजार है। जीएसटी में छूट और परंपरागत खरीदारी से व्यापार में तेजी आई है। वाहन, बिजली के उपकरण, परचूनी बर्तन और हलवाइयों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ है। आज धनतेरस और दीपावली की खरीदारी से बाजारों में रौनक बढ़ गई है।
बदले हुए परिवेश में व्यापार ने एक बार फिर से छलांग लगाई है। पर्वों पर होने वाली परंपरागत खरीदारी वाहन, इलेक्ट्रिक सामान, मिठाईयां परचूनी बर्तन समेत विभिन्न दुकानों में भीड़ जुटने से दुकानदारों के चेहरे खिले हुए हैं। अब धनतेरस, दीपावली की खरीदारी से बाजार में हर ओर रौनक नजर आ रही है।
उपखंड क्षेत्र के मौजपुर हरसाना बाजारों में इन समेत अन्य कस्बों के बाजारों की रंगत बढ़ी हुई है। बाजार में धनतेरस व दीपावली को लेकर जहां एक ओर खरीदारी भी जरूरी है वही जीएसटी के चलते सामानों के दामों में हुई गिरावट को लेकर भी खरीदार उत्साहित दिख रहा है।
ग्राहक सामान खरीदते समय एक बार जीएसटी का जिक्र जरूर करता है। जानकारी लेने के बाद ही वह सामान खरीद रहा है। हालांकि बाजार में विभिन्न सामानों में जीएसटी के कम होने से सामानों की मूल्यों में कमी दिखने लगी है। खास वाहनों व इलेक्ट्रिक सामानों की बात करें तो जीएसटी से होने वाले लाभ सीधे नजर आ रहा है।
वहीं घरेलू सामान में किराना आदि की दुकानों में अभी भी प्रिंट रेट से ही सामान मिल रहा है। इन व्यापारियों का कहना है कि जैसे ही प्रिंट रेट कम होंगे वह खुद ही कम देने लगेंगे। लेकिन पर्व में ग्राहकों की कुछ सामानों को खरीदना जरूरत है। फिलहाल धनतेरस का बाजार सज चुका है ग्राहक भी पहुंच रहे हैं।

