मंगल हाट अब नुमाइश मैदान में लगेगी, व्यापारियों ने दी सहमति
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) जिले में मंगल हाट के स्थान परिवर्तन के संबंध में अतिरिक्त कलक्टर सिटी राहुल सैनी की अध्यक्षता में गुरुवार को बैठक आयोजित की गई। बैठक में महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र, संयुक्त निदेशक पशुपालन विभाग एवं स्थानीय व्यापारियों ने भाग लिया।
अतिरिक्त कलक्टर शहर ने बताया गया कि वर्तमान में मंगल हाट प्रत्येक मंगलवार को सूरजपोल चौराहा स्थित आर.बी.एम. हॉस्पिटल के निकट लगाई जाती है। मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित होने तथा मरीजों एवं एम्बुलेंस के आवागमन में सुगमता बनाए रखने के उद्देश्य से मंगल हाट को नुमाइश मैदान में स्थानांतरित करने पर विचार किया गया।
इस दौरान नुमाइश मैदान में व्यापारियों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं एवं उनके सुझावों पर गहन विचार-विमर्श किया गया। माननीय मुख्यमंत्री राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार आर.बी.एम. हॉस्पिटल क्षेत्र के आसपास यातायात को सुचारू रखने, आमजन के निर्बाध आवागमन, स्थानीय व्यापारियों की आजीविका के संरक्षण तथा लघु उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए प्रशासन द्वारा हरसंभव सहयोग प्रदान करने पर बल दिया गया। बैठक में उपस्थित स्थानीय व्यापारियों ने आगामी मंगलवार से मंगल हाट को नुमाइश मैदान में आयोजित करने पर अपनी सहमति व्यक्त की।


