छात्र के परिजनों ने विद्यालय में की तोड़फोड़, शिक्षक से मारपीट कर किया घायल, मामला दर्ज
फीस मांगना विद्यालय संचालक को पड़ा महंगा
भरतपुर. (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) रुदावल थाना क्षेत्र के गांव ब्रह्मबाद में एक निजी स्कूल संचालक को फीस मांगना महंगा पड़ गया। विद्यालय में अध्ययनरत छात्र के परिजनों ने विद्यालय में तोड़फोड़ कर विद्यालय के शिक्षक के साथ मारपीट कर घायल कर दिया। घटना को लेकर निजी विद्यालय के संचालक की ओर से 4 नामजद सहित 15-20 लोगों के खिलाफ विद्यालय में तोड़फोड़ करने एवं शिक्षक से मारपीट कर घायल कर देने का मामला दर्ज कराया है।
रुदावल थाना प्रभारी नरेश शर्मा ने बताया कि गांव ब्रह्मवाद निवासी नरेश पुत्र सोहनलाल जांगिड ने मामला दर्ज कराया है कि वह गांव ब्रह्मवाद में प्राइवेट स्कूल चलाता है। उसके स्कूल में मुकेश जाटव के दो बच्चे 3 वर्ष से अध्ययनरत है। 3 साल की फीस बकाया होने पर उसने मुकेश से कई बार स्कूल फीस जमा कराने के बारे में कहा, लेकिन मुकेश फीस देने के नाम पर आज कल की कहकर बात टाल देता था। बार बार कहने पर मुकेश कुछ रुपए दे गया था। उसने पुनः मुकेश से फीस चुकाने के बारे में कहा तो मुकेश ने गाली गलौच कर देख लेने की धमकी दी।
शनिवार को वह स्कूल में अपना कार्य कर रहा था कि सुबह करीब 11ः30 बजे गांव ब्रह्मवाद निवासी मुकेश, नहरू, साहिल, सतीश जाटव व इनके साथ करीब 15-20 लोगों ने एकराय होकर गाली गलौच करते हुए स्कूल में अंदर घुसकर तोडफोड शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से स्कूल के बच्चे घबरा गए। उसने इन लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन इन लोगों ने स्कूल स्टाफ के एक टीचर युधिष्टर निवासी रुदावल के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट से टीचर युधिष्टर के नाक, मुंह व आंख के पास व शरीर में अन्य जगह गुम चोटें आई है।


