ट्रेन की चपेट में आई 24 वर्षीय महिला, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
अलवर (अनिल गुप्ता)
अलवर शहर के सदर थाना क्षेत्र में रूपवास पुलिया के पास शनिवार देर शाम एक घटना सामने आई, जहाँ 24 वर्षीय महिला ट्रेन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की सहायता से उसे तुरंत अलवर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सदर थाने के एएसआई कमालदीन ने बताया कि उन्हें कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि रूपवास पुलिया के पास एक महिला ट्रेन से टकराकर घायल हो गई है। अस्पताल पहुंचने पर मृतका की पहचान ममता (24) निवासी बैरर, थाना राजगढ़ के रूप में हुई, जिसका ससुराल रूपवास में है। जानकारी के अनुसार मृतका के दो छोटे बच्चे हैं और उसका पति व्यवसाय करता है।
पुलिस के अनुसार फिलहाल मौत के असल कारण सामने नहीं आए हैं। मृतका के भाई ने भी किसी तरह का शक या आरोप व्यक्त नहीं किया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप कर जांच शुरू कर दी है।