वृक्षारोपण, बजट घोषणाओं और फ्लैगशिप योजनाओं पर की समीक्षा; कलेक्टर की सख्त चेतावनी, समय पर काम पूरा करें विभाग
खैरथल (हीरालाल भूरानी ) कार्यवाहक जिला कलेक्टर डॉ. अर्तिका शुक्ला की अध्यक्षता में आज शुक्रवार को जिला सचिवालय में जिला पर्यावरण समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में पर्यावरण संरक्षण को गति देने, आगामी मानसून में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण करने तथा राज्य सरकार की बजट घोषणाओं व फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव के निर्देशों के अनुरूप जिले में 25 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए माइक्रो लेवल एक्शन प्लान शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के स्वच्छ भविष्य के लिए वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाना आवश्यक है। बैठक में वृक्षारोपण अभियान के लिए भूमि चयन, पौधों की उपलब्धता, नर्सरी तैयारियों, सीएसआर सहयोग और आमजन को जोड़ने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई। कलेक्टर ने सभी विभागों को विभागवार लक्ष्य तय कर समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बजट घोषणाओं से जुड़े विभागीय प्रेजेंटेशन की समीक्षा करते हुए भूमि आवंटन में धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई और सभी विभागों को 31 दिसंबर तक आवश्यक भूमि चिन्हीकरण व आवंटन प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को लंबित कार्यों को प्राथमिकता देते हुए तय समय पर पूरा करने लिए स्पष्ट निर्देश दिए। बैठक सुशासन से जुड़े बिंदुओं के साथ-साथ प्रधानमंत्री आवास योजना, उद्यानिकी विभाग की कुसुम कंपोनेंट-बी योजना और महिला अधिकारिता विभाग की लाडो योजना की प्रगति की भी समीक्षा हुई। कलेक्टर ने कहा कि जागरूकता कैंपों के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को अधिक संख्या में योजनाओं से जोड़ा जाए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खैरथल, उपवन संरक्षक राजेंद्र हुड्डा, सीएमएचओ डॉ. अरविंद गेट, अधीक्षण अभियंता ओमप्रकाश, कोषाधिकारी सुरेश कुमार बंसल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।