गोविंदगढ़ के बड़ौदामेव में सीएचसी भवन का निर्माण कार्य शुरू: ग्रामीणों का 12 वर्षों का इंतजार खत्म; निर्माण होने तक गर्ल्स स्कूल में शिफ्ट
अलवर के गोविंदगढ़ स्थित बड़ौदामेव कस्बे में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवन का निर्माण कार्य कई वर्षों के इंतजार के बाद आखिरकार शुरू हो गया है। निर्माण अवधि के दौरान सीएचसी को अस्थायी रूप से नगर पालिका कार्यालय के सामने स्थित गर्ल्स स्कूल में स्थानांतरित कर दिया गया है, जहां क्षेत्र के लोगों को चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
2013 में 4 करोड़ की मंजूरी मिली थी
बड़ौदामेव सीएचसी प्रभारी डॉ. राजवीर सिंह ने बताया- सीएचसी के निर्माण के लिए वर्ष 2013 में 4 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई थी। हालांकि, विभिन्न कारणों से निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया था। कुछ लोग अस्पताल को कस्बे से दूर ले जाने की मांग कर रहे थे, जबकि अन्य इसे पुरानी जगह पर ही रखने पर अड़े हुए थे।
इन विवादों के चलते और स्वीकृत राशि के बावजूद निर्माण में देरी हुई। अब नए भवन के निर्माण के कारण सीएचसी को अस्थायी रूप से गर्ल्स स्कूल में संचालित किया जा रहा है ताकि मरीजों को असुविधा न हो और चिकित्सा सेवाएं जारी रहें।
रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह ने गर्ल्स स्कूल में अस्थायी रूप से संचालित सीएचसी का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान गोपाल चौधरी, रामोतार चौधरी, पूर्व जिला महामंत्री मगन फौजी, मंडल अध्यक्ष बड़ौदामेव कमल भादवा, देवाराम शर्मा, रोहित शर्मा, शिशपाल सिंह चौधरी और ब्रह्मानंद शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

