खैरथल महाविद्यालय में मतदान जागरूकता पर भाषण प्रतियोगिता का हुआ आयोजन
खैरथल (हीरालाल भूरानी ) राजकीय महाविद्यालय खैरथल में विश्व मानवाधिकार दिवस के उपलक्ष्य में मतदान साक्षरता क्लब के तत्वावधान में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कार्यवाहक प्राचार्य सरस्वती मीणा ने जानकारी दी कि निर्वाचन विभाग की ओर से जारी निर्देशों की अनुपालना में महाविद्यालय में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दौरान महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने सशक्त लोकतंत्र में निष्पक्ष निर्वाचन का महत्त्व विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। विद्यार्थियों ने सभी को मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया साथ ही बिना किसी प्रलोभन और दबाव में आये मतदान में भाग लेने का संकल्प लिया। भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्रथम वर्ष की छात्रा नेहा ने, द्वितीय स्थान द्वितीय वर्ष की मनीषा ने तथा तृतीय स्थान तृतीय वर्ष की रजनदीप कौर ने प्राप्त किया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को महाविद्यालय की ओर से स्मृति चिह्न तथा प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम प्रभारी डॉ. दीपक कुमार व साक्षी जैन उपस्थित रहे।