नशा उन्मूलन अभियान के तहत किया जागरूक
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राजस्थान सरकार द्वारा संचालित नशा उन्मूलन अभियान के अंतर्गत राजस्थान यूथ बोर्ड के सचिव डॉ. नीरज के. पवन तथा जिला कलक्टर कमर चौधरी के निर्देशानुसार युवा साथी केन्द्र, भरतपुर की टीम ने प्रीतिज्ञा नशा मुक्ति केन्द्र में नशा प्रभावित व्यक्तियों एवं युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी प्रदान की तथा उनकी काउंसिलिंग की।
कार्यक्रम के दौरान टीम ने स्वास्थ्य, परिवारिक संबंधों, करियर विकास एवं सामाजिक जीवन पर नशे के नकारात्मक प्रभावों पर विस्तृत चर्चा की। प्रतिभागियों को नशा मुक्त जीवन अपनाने, सकारात्मक सोच विकसित करने तथा पुनर्वास प्रक्रिया में सक्रिय रूप से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। विशेषज्ञों ने नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक नुकसान को सरल उदाहरणों के साथ समझाते हुए युवाओं को नशे से दूरी बनाए रखने का संदेश दिया।
इस अवसर पर युवा साथी केन्द्र के जिला समन्वयक सौरभ कटारा, काउंसलर मंजुषा सिंह, काउंसलर मानवी चौधरी, प्रीतिज्ञा नशा मुक्ति केन्द्र के डायरेक्टर राकेश कुमार डागुर, डॉ. विजयपाल तथा सोशल मीडिया एक्टिविस्ट शुभम शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सभी ने नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।