गोविंदगढ़ बार एसोसिएशन चुनाव, अमृतलाल सैनी अध्यक्ष बने: अन्य पदों पर निर्विरोध हुआ निर्वाचन, नए सदस्यों का किया स्वागत
अलवर के गोविंदगढ़ कोर्ट परिसर में शुक्रवार को अभिभाषक संघ के चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुए। इन चुनावों में एडवोकेट अमृतलाल सैनी ने अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी को 5 मतों से हराया।
निर्वाचन अधिकारी कीर्तिनंदन शर्मा ने बताया कि कुल 25 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसमें एडवोकेट अमृतलाल सैनी को 15 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी एडवोकेट चंद्रकांत शर्मा को 10 वोट प्राप्त हुए। इस प्रकार, अमृतलाल सैनी 5 वोटों के अंतर से विजयी रहे। अध्यक्ष पद के लिए मतदान प्रक्रिया सुबह 10 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक चली, जिसके बाद दोपहर 2 बजे मतगणना शुरू हुई और परिणाम घोषित किए गए।
- अन्य पदों पर निर्विरोध हुआ निर्वाचन
अध्यक्ष पद के चुनाव से पहले, कई अन्य पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। एडवोकेट विष्णु सैनी को उपाध्यक्ष, रोहिताश कुमार जाटव को सचिव, संजय राजपूत को कोषाध्यक्ष और समय सिंह गुर्जर को पुस्तकालय अध्यक्ष के रूप में निर्विरोध विजयी घोषित किया गया।
चुनाव परिणामों की घोषणा के बाद, विजयी उम्मीदवारों और चुनाव अधिकारी का अधिवक्ताओं तथा बार संघ के सदस्यों ने फूलमालाएं और साफा पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान सभी ने परिणामों पर खुशी व्यक्त की।