विधायक ऋतु बनावत द्वारा कराए गए विकास कार्यों की जांच लगातार जारी, स्कूलों में विधायक निधि से कराए गए कार्यों की जांच करने पहुंची टीम
भरतपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) जिले की बयाना विधायक ऋतु बनावत द्वारा कराए गए विकास कार्यों की जांच लगातार जारी है। इसी क्रम में बुधवार को एक बार फिर प्रशासन की टीम बयाना पहुंची और राजकीय स्कूलों में विधायक निधि से कराए गए कार्यों की जांच की। जानकारी के अनुसार अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) भास्कर ए. सावंत के नेतृत्व में जिला परिषद की टीम ने बयाना स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय भावड़ा का निरीक्षण किया। टीम ने स्कूल में विधायक निधि से उपलब्ध कराई गई दरी-पट्टियों की जांच की और शिक्षा विभाग के अधिकारियों से संबंधित दस्तावेजों और प्रक्रिया को लेकर पूछताछ की। जांच टीम में जिला परिषद के सीओ मृदुल सिंह और एसीईओ रेखा रानी व्यास सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि दैनिक अखबार के स्टिंग में जिन तीन विधायकों के कार्य सामने आए थे, उनके द्वारा कराए गए तीन-तीन विकास कार्यों की जांच की जा रही है। इसी क्रम में बयाना विधायक के विकास कार्य भी जांच के दायरे में हैं। गौरतलब है कि इससे पहले भी जिला परिषद की एसीईओ द्वारा बयाना क्षेत्र के स्कूलों में दरी-पट्टियों की जांच की जा चुकी है। वहीं शिक्षा विभाग की एक टीम रूपवास पहुंची थी, जहां विधायक निधि से स्कूलों में कराए गए विकास कार्यों से संबंधित फाइलें जब्त की गई थीं। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि जांच प्रक्रिया जारी है और सभी तथ्यों व दस्तावेजों की गहनता से समीक्षा की जा रही है।


