अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के उपलक्ष में कार्यक्रम:विधायक सुखवंत सिंह ने पुष्पांजलि अर्पित की, आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प
अलवर के गोविन्दगढ़ में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के उपलक्ष में रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यकर्ताओं ने उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
यह कार्यक्रम गोविन्दगढ़ में विधायक सुखवंत सिंह के निजी निवास पर आयोजित किया गया। इसमें भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता ने अटल जी के ऐतिहासिक कार्यों को याद किया। उन्होंने बताया कि परमाणु परीक्षण, किसानों के लिए 'किसान क्रेडिट कार्ड' जैसी योजनाएं और पंचायतों को सड़कों से जोड़ने की पहल उनकी दूरदर्शी सोच का परिणाम थीं।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विधायक सुखवंत सिंह ने कहा कि अटल जी ने अपना पूरा जीवन मातृभूमि की सेवा में समर्पित कर दिया था। उनका राष्ट्रप्रेम आज भी करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
उन्होंने कहा कि अटल जी को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम सभी मिलकर भारत को एक समृद्ध, शक्तिशाली और विकसित राष्ट्र बनाने में अपना योगदान दें।

