CHC गोविंदगढ़ में नसबंदी शिविर का सफल आयोजन: 15 लाभार्थियों ने अपनाई परिवार नियोजन की राह
गोविन्दगढ़, (अलवर) गोविन्दगढ़ कस्बे स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में रविवार को परिवार कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत नसबंदी शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में क्षेत्र के ग्रामीणों ने उत्साह दिखाते हुए परिवार नियोजन की दिशा में कदम बढ़ाया।
कुशल टीम ने दी सेवाएं:-
शिविर में विशेष रूप से अलवर से आए मुख्य सर्जन डॉ. देवेंद्र शर्मा एवं उनकी टीम ने अपनी सेवाएं दीं। टीम ने पूर्ण सुरक्षा और चिकित्सकीय मानकों का पालन करते हुए कुल 15 लाभार्थियों के नसबंदी ऑपरेशन किए।
व्यवस्थाओं में रहा सक्रिय सहयोग:-
शिविर के सफल संचालन के लिए स्थानीय चिकित्सा स्टाफ मुस्तैद रहा। सीएचसी की महिला चिकित्सक डॉ. एन.के. अग्रवाल और नीतेश कुमार सैनी (CHO) सहित समस्त फील्ड स्टाफ ने व्यवस्थाएं संभालीं। स्टाफ द्वारा लाभार्थियों को ऑपरेशन के बाद बरती जाने वाली सावधानियों और स्वास्थ्य संबंधी उचित परामर्श भी दिया गया।
जागरूकता से खुशहाल परिवार की ओर:-
इस अवसर पर चिकित्सा अधिकारियों ने कहा कि सीमित परिवार ही खुशहाल परिवार का आधार है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में निरंतर बढ़ रही जागरूकता के कारण लोग अब स्वयं आगे आकर परिवार नियोजन के साधनों को अपना रहे हैं। शिविर के दौरान लाभार्थियों को सरकार द्वारा दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि और सुविधाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई।


