मई गूजर गांव की सरकारी जमीन पर बने नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट, समृद्ध भारत अभियान के निदेशक ने मुख्य मंत्री को लिखा पत्र
भरतपुर( विष्णु मित्तल) केंद्र सरकार द्वारा भरतपुर में खोले जाने वाले नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (एनएसटीआई) को उच्चैन पंचायत समिति क्षेत्र के गांव मई गूजर की चारागाह भूमि पर स्थापित किया जाये। इस सम्बन्ध में समृद्ध भारत अभियान के निदेशक सीताराम गुप्ता ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि मई गूजर गांव में मौजूद चारागाह भूमि इस राष्ट्रीय संस्थान के लिए उपयुक्त है और इस गांव में करीब 10 हैक्टेयर चारागाह भूमि भी मौजूद है जिसकी चारदीवारी भी मौजूद है।
गुप्ता द्वारा लिखे पत्र में कहा है कि उद्यान विभाग ने मई गूजर गांव की इस जमीन पर बी-कीपिंग एक्सीलेंस सेन्टर खोलने का प्रस्ताव राज्य सरकार को भिजवाया है किन्तु एक्सीलेंस सेन्टर के लिए सरसों अनुसंधान केंद्र व महिला जेल के मध्य खाली भूमि अधिक उपयुक्त रहेगी। क्योंकि इस सेन्टर को सरसों अनुसंधान केंद्र की प्रयोगशालाओं व अनुसंधानों का लाभ भी मिलेगा। ऐसी स्थिति में बी-कीपिंग एक्सीलेंस सेंटर सरसों अनुसंधान केंद्र के पास व एनएसटीआई मई गूजर गांव में खोलना अधिक उपयुक्त व व्यवहारिक रहेगा । इसके अलावा मई गूजर गांव की भूमि राष्ट्रीय राजमार्ग सं. 21 व 123 के मध्य है। इस स्थल पर प्रशिक्षार्थी आसानी से आ-जा सकते हैं।
निदेशक ने यह भी सुझाव दिया है एनएसटीआई राष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण संस्थान है जिसमें राजस्थान के अलावा अन्य राज्यों के प्रशिक्षार्थी भी प्रशिक्षण लेंगे। जिनके आवास के लिए हॉस्टल बनाने हेतु मई गूजर गांव की चारागाह की पर्याप्त भूमि उपलब्ध है तथा यह स्थल राजमार्ग के समीप होने के साथ भरतपुर से मात्र 10 किलोमीटर व आगरा से 50 किलोमीटर दूर है।
गुप्ता ने कहा कि युवाओं के भविष्य, क्षेत्रीय विकास और जनहित को ध्यान में रखते हुए ग्राम मई गूजर की चारागाह भूमि पर एनएसटीआई की स्थापना सर्वाधिक उपयुक्त एवं व्यवहारिक है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि इस प्रस्ताव को सैद्धान्तिक स्वीकृति प्रदान कर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जाएँ।

