ढाई करोड़ की कॉपर चोरी मामला सुलझाया: तीन आरोपी गिरफ्तार, चोरी हुआ ट्रक और कॉपर बरामद
कोटपूतली पुलिस ने ढाई करोड़ रुपए से अधिक की कॉपर चोरी का 10 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी किया गया ट्रक और उसमें भरा कॉपर भी बरामद कर लिया है।
- मेहसाणा से कॉपर भरकर भिवाड़ी जा रहा था ट्रक
कोटपूतली-बहरोड़ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार ने बताया कि 4 जनवरी को राजेश कुमार नामक परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनका ट्रक गुजरात के मेहसाणा से कॉपर भरकर भिवाड़ी जा रहा था। ट्रक चालक अनिल ने शाहजहांपुर टोल प्लाजा के बजाय दूसरा रास्ता ले लिया।
ट्रक में जीपीएस लगा होने के कारण लोकेशन में बदलाव दिखा। जब परिवादी ने ड्राइवर को फोन किया तो उसका फोन बंद मिला, जिससे उन्हें शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए महज 10 घंटे में ही कॉपर से भरे चोरी हुए ट्रक को बरामद कर लिया।
- 2.58 करोड़ का माल चोरी हुआ था
पुलिस ने मंगलवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान दिल्ली के वेलकम सीलमपुर निवासी इरफान पुत्र साजिद अली, मेवात नूंह के रंगला थाना क्षेत्र की अशोक विहार कॉलोनी निवासी रिंकू बागड़ी पुत्र श्रीपाल बागड़ी और भिवाड़ी के खुशखेड़ा थाना क्षेत्र के बोरखेड़ा निवासी रामेश्वर गुर्जर के रूप में हुई है। चोरी हुए कॉपर की कीमत 2 करोड़ 58 लाख 12 हजार 500 रुपए आंकी गई है।
पुलिस आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी ताकि चोरी के माल को बेचने की योजना और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।


