हुड़ला के नेतृत्व में महुवा से कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने किया दिल्ली कूच, रामलीला मैदान में राहुल गांधी की रैली में शामिल हुए कांग्रेसी
महुवा (अवधेश अवस्थी) महुवा विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेसी कार्यकर्तापूर्व मंत्री डॉ. ओमप्रकाश हुड़ला के नेतृत्व में रविवार को महुवा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों का जत्था दिल्ली के लिए रवाना हुआ। रामकुटीर आश्रम, उकरूंद से रवाना हुए कांग्रेसी कार्यकर्ता दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित राहुल गांधी की रैली में शामिल हुए। रैली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वोट चोरी के विरोध, मतदाता अधिकारों की सुरक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा को लेकर आवाज बुलंद की।
दिल्ली कूच के दौरान विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और युवा शामिल हुए। कार्यकर्ताओं में रैली को लेकर खासा उत्साह नजर आया। इस दौरान उन्होंने एकजुट होकर निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने और मतदाता सूची में पारदर्शिता बनाए रखने की मांग उठाई।
पूर्व मंत्री डॉ. ओमप्रकाश हुड़ला ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जनता का वोट है। प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा करना और मतदाता सूची में पारदर्शिता सुनिश्चित करना लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियादी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वोट चोरी जैसे गंभीर मुद्दों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए तथा जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए।
हुड़ला ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष कर रही है। लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना केवल राजनीतिक दलों की ही नहीं, बल्कि प्रत्येक जागरूक नागरिक की जिम्मेदारी है। यहां से दिल्ली पहुंचा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का यह जत्था रामलीला मैदान की रैली में शामिल होकर मतदाता अधिकारों की सुरक्षा, निष्पक्ष चुनाव और वोट चोरी के मुद्दे पर पार्टी की मांगों के समर्थन में खड़ा नजर आया।

