जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल प्रकाश की मतदाताओं से अपील—बिना भय, दबाव एवं प्रलोभन के करें मताधिकार का प्रयोग
खैरथल (हीरालाल भूरानी पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तृतीय चरण के तहत जिले की पंचायत समिति किशनगढ़बास एवं तिजारा क्षेत्र में 3 नवंबर को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों तथा 5 नवंबर को ग्राम पंचायतों के पंच एवं सरपंच पदों के लिए मतदान होगा। दोनों दिवस मतदान का समय प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक निर्धारित किया गया है।
जिले की संबंधित पंचायत समितियों में 6 नवंबर को ग्राम पंचायतों के उपसरपंच पद के लिए मतदान एवं मतगणना होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश ने निर्वाचन क्षेत्र के सभी पात्र मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता का एक वोट लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूती प्रदान करने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के विकास एवं स्थानीय स्वशासन को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदान लोकतंत्र में नागरिकों की भागीदारी का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रत्येक मतदाता को बिना किसी भय, दबाव अथवा प्रलोभन के स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से युवा मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा पहली बार मतदान करने वाले युवाओं से इसे अपनी जिम्मेदारी के रूप में निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने मतदाताओं से अपने परिवारजनों, पड़ोसियों एवं परिचितों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने की अपील करते हुए कहा कि व्यापक जनभागीदारी से ही लोकतंत्र की नींव मजबूत होती है। सभी मतदाता निर्धारित समय पर अपने मतदान केंद्र पहुंचकर मतदान करें तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले में स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी मतदान संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी निभाकर मतदान प्रतिशत बढ़ाने में सहयोग करने की अपील की।

