पावा सरपंच लक्ष्मण सिंह जोधा ने संभाला पदभार, पहले ही दिन शुरू कराया घर-घर कचरा संग्रहण
तखतगढ़ (पाली/ बरकत खान) निकटवर्ती ग्राम पंचायत मुख्यालय पावा में रविवार को नवनिर्वाचित सरपंच लक्ष्मण सिंह जोधा, उपसरपंच सुरेश कुमार सुथार और सभी नवनिर्वाचित वार्ड पंचों ने विधिवत कार्यभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण से पूर्व सरपंच व जनप्रतिनिधियों ने स्थानीय आस्था के केंद्र पावेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन कर गांव की खुशहाली की कामना की। इसके बाद बैंड-बाजे और गाजे-बाजे के साथ विजय जुलूस के रूप में वे पंचायत भवन पहुंचे।
पंचायत मुख्यालय पर विकास अधिकारी तथा कनिष्ठ सहायक सतीश मीणा की मौजूदगी में ग्रामीणों व युवाओं ने सरपंच जोधा, उपसरपंच सुथार सहित सभी पंचों का साफा व फूल-माला पहनाकर भव्य स्वागत-अभिनंदन किया।
पदभार ग्रहण करने के बाद सरपंच लक्ष्मण सिंह जोधा ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि पंचायत के सभी 15 वार्डों में बिना किसी भेदभाव के समान रूप से सर्वांगीण विकास कार्य करवाए जाएंगे। गांव को स्वच्छ और सुंदर बनाने की अपनी प्राथमिकता को धरातल पर उतारते हुए सरपंच ने पद संभालते ही पहले कदम के रूप में गांव में घर-घर कचरा संग्रहण (डोर-टू-डोर गारबेज कलेक्शन) व्यवस्था की शुरुआत करवाई। इस अवसर पर उपसरपंच, सभी वार्ड पंच, वरिष्ठ नागरिक, युवा साथी और बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं ग्रामीणजन मौजूद रहे।

