खैरथल में विक्रम चौधरी ने संभाला सभापति पद का कार्यभार; पूजा-अर्चना और मंत्रोच्चार के बीच पदभार ग्रहण
खैरथल (हीरालाल भूरानी) नगर परिषद खैरथल में नवपदस्थ सभापति विक्रम चौधरी ने विधिवत रूप से पदभार ग्रहण कर लिया। इस अवसर पर नगर परिषद परिसर स्थित सभापति कार्यालय का भव्य शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ किया गया। धार्मिक अनुष्ठान महंत शशि भूषण गलयाणा मिश्न एवं स्वामी बालका देवाचार्य के पावन सान्निध्य में संपन्न हुआ।
पदभार ग्रहण समारोह में प्रदेश के वन मंत्री एवं अलवर विधायक संजय शर्मा, पूर्व विधायक रामहेत सिंह यादव तथा भाजपा जिलाध्यक्ष महासिंह चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों एवं सरस डेयरी चेयरमैन नितिन सागवान सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने विक्रम चौधरी को साफा व माला पहनाकर शुभकामनाएं दीं और उनके सफल कार्यकाल की मंगलकामना की।
कार्यालय के शुभारंभ के साथ ही नगर परिषद के नए कार्यकाल की औपचारिक शुरुआत हुई। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि शहर के समग्र विकास, बुनियादी जनसुविधाओं के विस्तार और आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए एकजुट होकर कार्य किया जाएगा। कार्यक्रम में नगर परिषद आयुक्त मुकेश शर्मा सहित परिषद के तमाम अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय प्रबुद्धजन एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

