बस की टक्कर से जुगाड पलटा; एक की मौत, 7 घंटे चला शव रखकर प्रदर्शन; पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंपा
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नटनी के बारा के समीप बस के पीछे से टक्कर मारने पर जुगाड अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में चादनवास टिले वाली ढाणी, अरनिया निवासी करीब 60 वर्षीय लक्ष्मण नाथ की मौके पर ही मौत हो गई। तथा आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक का शव सड़क पर रखकर करीब सात घंटे तक प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के चलते जयपुर रोड सहित आसपास के मार्गों पर लंबा जाम लग गया और राहगीरों व मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस प्रशासन के अधिकारियों द्वारा पीड़ित पक्ष की मांगों को सुनने व आश्वासन देने के बाद प्रदर्शन समाप्त करा यातायात बहाल किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


