खेड़ली में गैस सिलेंडर में लगी आग, छः लोग झुलसे
खेड़ली। (दिनेश लेखी)। कस्बे के हिण्डौन रोड स्थित श्याम मिष्ठान भंडार के सामने स्थित एक मकान में खाना बनाते समय अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई, जिससे आस-पास के लोगों में अफरातफरी मच गई। घटना में छः से सात लोग झुलस गए, जिनमें हीरालाल, महेश, आकाश, सोनू सहित अन्य लोग शामिल हैं।
- आग लगने का कारण
परिवार के लोगों ने बताया कि मंजू देवी गैस पर खाना बना रही थी, तभी सिलेंडर में अचानक आग लग गई। आग लगती देख मंजू जोर से चिल्लाई, तो सभी लोग ऊपर की ओर भागे और सिलेंडर को घसीटकर नीचे लाए और आग बुझाने का प्रयास किया।
- परिवार का आरोप
परिवार के लोगों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका की फायर ब्रिगेड गाड़ी को फोन करने के बाद भी गाड़ी बहुत लेट आई, जिसके कारण आग बहुत फैल गई। अगर समय पर आग बुझाने का प्रयास नहीं किया जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
- पुलिस ने किया घटनास्थल का जायजा
थाना अधिकारी विजय कुमार चंदेल ने जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और आगजनी की घटना की जानकारी ली। पुलिस ने जाम को खुलवाया और लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।