भिवाड़ी के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में भीषण अग्निकांड आधा दर्जन श्रमिकों की दर्दनाक मौत, कई शव कंकाल अवस्था में बरामद
अलवर (अनिल गुप्ता) राजस्थान में अलवर जिले के औद्योगिक नगर भिवाड़ी के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार को एक भीषण अग्निकांड से हड़कंप मच गया। प्लॉट संख्या जी-1-118 बी स्थित एक निजी औद्योगिक इकाई में आग लगने की सूचना पुलिस नियंत्रण कक्ष से रीको फायर ब्रिगेड को प्राप्त हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी इकाई को अपनी चपेट में ले लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार करीब आधा दर्जन श्रमिकों की मौके पर ही जलने से दर्दनाक मृत्यु हो गई। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कई शव मानव कंकाल जैसी अवस्था में बरामद हुए।
सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी, दमकल की कई गाड़ियां, बचाव दल एवं चिकित्सक टीम घटनास्थल पर पहुंची। क्षेत्र की घेराबंदी कर राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू किया गया। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
अग्निकांड के कारणों का फिलहाल स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। प्रशासन ने मामले की मजिस्ट्रेट जांच के संकेत दिए हैं और औद्योगिक इकाई के सुरक्षा मानकों की भी जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे औद्योगिक क्षेत्र में शोक एवं दहशत का माहौल व्याप्त है। मृतकों की पहचान और परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है।