मकराना बार पहुंचे वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल सोनी, प्रथम वरीयता मत के लिए मांगा समर्थन
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के आगामी चुनावों की सुगबुगाहट के बीच मकराना में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भीलवाड़ा के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं अपर लोक अभियोजक गोपाल सोनी ने बुधवार को मकराना बार का दौरा किया और अधिवक्ताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर अपने पक्ष में समर्थन जुटाया। एडवोकेट गणपत लाल टांक की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में पूर्व अध्यक्ष दिनेश कुमार सोनी एवं भंवरा राम डूडी का विशेष सानिध्य रहा। बैठक के दौरान सोनी ने अधिवक्ताओं से संवाद करते हुए उन्हें प्रथम वरीयता का मत देने का पुरजोर आह्वान किया। इस दौरान गोपाल सोनी ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य न्यायिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना और अधिवक्ता समाज के अधिकारों की रक्षा करना है। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए विश्वास दिलाया कि वे अधिवक्ता समाज की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। मजबूत प्रतिनिधित्व के जरिए वकीलों की आवाज़ को राज्य स्तर पर प्रभावी तरीके से उठाएंगे। युवा और अनुभवी वकीलों के बीच सामंजस्य स्थापित कर न्यायिक कल्याण के लिए ठोस कदम उठाएंगे। इस दौरान उपस्थित वकीलों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से उन्हें अवगत कराया और उनके शीघ्र निस्तारण की मांग की। बैठक में प्रमुख रूप से एडवोकेट अमराराम चौधरी, नरेंद्र सिंह राठौड़, हरिकिशन सैनी, शाकिर मोहम्मद, अनिल कुमार सोनी, भुवनेश टांक, अबरार अहमद, सारिका खंडेलवाल और तरुण पलोड़ सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे। बैठक के अंत में आपसी विचार-विमर्श के बाद चुनावी माहौल काफी सक्रिय नजर आया, जहां कई अधिवक्ताओं ने सोनी की कार्यशैली पर भरोसा जताया।