आधार नामांकन ऑपरेटर ऑन-बोर्डिंग हेतु आवेदन आमंत्रित
खैरथल (हीरालाल भूरानी) जिला खैरथल-तिजारा में पंचायत समिति एवं नगरीय क्षेत्र के चयनित कार्यालयों में आधार नामांकन एवं अद्यतन केन्द्र स्थापित किए जाने प्रस्तावित हैं। चयनित केन्द्रों पर आधार नामांकन एवं अद्यतन का कार्य संचालन हेतु रजिस्ट्रार (सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग) के अधीन नामांकन एजेंसी राजकॉम्प इन्फोसर्विसेस लिमिटेड द्वारा एक ऑपरेटर को यूआईडीएआई नई दिल्ली के आधार विनियम 2016 अनुसार कार्य हेतु आईडी/ क्रैडेंशियल जारी कराया जाना भी प्रस्तावित है।
उपनिदेशक सूचना, प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग ने बताया कि इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी, जो यूआईडीएआई एवं सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग, राजस्थान द्वारा निर्धारित शर्तों एवं निर्बन्धनों के अनुसार कार्य करने के इच्छुक हैं, वे निर्धारित प्रपत्र में आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया दिनांक 23 मार्च 2026 से 10 अप्रैल 2026 सायं 05:00 बजे तक जारी रहेगी।
उन्होंने बताया कि चयनित केन्द्रों, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं अन्य विस्तृत जानकारी जिले की आधिकारिक वेबसाइट https://khairthaltijara.rajasthan.gov.in पर उपलब्ध है।