पंच गौरव कार्यक्रम एवं आकांक्षी ब्लॉक विकास योजना की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) जिला कलक्टर कमर चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में पंच गौरव कार्यक्रम तथा भुसावर उपखंड क्षेत्र के लिए गुरु गोलवलकर आकांक्षी ब्लॉक विकास योजना की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
जिला कलक्टर ने कृषि, वन, खेल एवं उद्योग विभाग के अधिकारियों से पंच गौरव कार्यक्रम के अंतर्गत किए गए विकास कार्यों का फीडबैक लिया। उन्होंने जिला खेल अधिकारी को निर्देश दिए कि मुख्यालय एवं उपखंड क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप कुश्ती को बढ़ावा देने हेतु कुश्ती मैट क्रय किए जाएं, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने उपनिदेशक, हॉर्टिकल्चर को निर्देशित किया कि पात्र 71 मधुमक्खी पालकों को बी-कीपिंग किट वितरित करने के लिए कार्य योजना तैयार की जाए।
इस पर उपनिदेशक हॉर्टिकल्चर ने जानकारी देते हुए बताया कि “एक जिला एक उत्पाद” के तहत शहद उत्पादन को बढ़ावा देने हेतु 14 प्रशिक्षण आयोजित किए गए, जिनमें 688 मधुमक्खी पालकों एवं कृषकों ने भाग लिया। उन्होंने वन विभाग से पंच गौरव कार्यक्रम के अंतर्गत उत्सव, प्रदर्शनियां, कम्प्यूटरीकरण एवं संचार व्यय गतिविधियों पर चर्चा की गई। वहीं संयुक्त निदेशक, पर्यटन विभाग को निर्देश दिए गए कि केवलादेव नेशनल पार्क पर फिल्म निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाए।
लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से करें पूर्ण-
जिला कलक्टर ने गुरु गोलवलकर आकांक्षी ब्लॉक विकास योजना के अंतर्गत भुसावर ब्लॉक की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्वीकृत कार्यों, निविदाओं एवं भुगतान की स्थिति का आंकलन किया। स्वास्थ्य, राजीविका, शिक्षा एवं महिला एवं बाल विकास विभागों द्वारा स्वीकृत कार्यों की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत की गई। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी स्वीकृत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कर आमजन को त्वरित लाभ पहुंचाया जाए। उन्होंने सीएमएचओ को भुसावर क्षेत्र में चिकित्सा सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु आवश्यक उपकरण जैसे यूपीटी किट, हीमोग्लोबिन मीटर, ग्लूकोमीटर, स्टेथोस्कोप एवं बीपी उपकरण आदि की खरीद के लिए योजना बनाने के निर्देश दिए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग से चाइल्ड फ्रेंडली टॉयलेट, हैंडवॉश प्लेटफॉर्म, बेबी एवं एडल्ट वेटिंग मशीन आदि उपकरणों की जानकारी ली गई।
वहीं ब्लॉक शिक्षा अधिकारी से 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणाम सुधार हेतु अभ्यास टेस्ट, प्रश्न बैंक, स्कूलों में छत की वॉटरप्रूफिंग एवं डिजिटल स्मार्ट बोर्ड की व्यवस्था पर विचार-विमर्श किया गया।
जिला कलक्टर ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि वित्तीय वर्ष के अंतिम चरण को ध्यान में रखते हुए आकांक्षी ब्लॉक विकास योजना के लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करें, जिससे आधारभूत संरचना, स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में सुधार कर इन क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ा जा सके। उन्होंने समन्वय के साथ कार्य करने, नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने तथा आमजन को योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में सीईओ मृदुल सिंह, भुसावर उपखंड अधिकारी राधेश्याम मीणा, सीएमएचओ गौरव कपूर, संयुक्त निदेशक (आर्थिक एवं सांख्यिकी) रामेश्वर महावर, संयुक्त निदेशक पर्यटन संजय जौहरी, उपनिदेशक उद्यान विभाग जनकराज मीणा, उपनिदेशक महिला एवं बाल विकास सिकरामाराम, शिवकुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।