गृह राज्य मंत्री बेढम ने डीग जिले के बृज नगर कस्बे के श्री राम रथ यात्रा मेले में विराट कुश्ती दंगल का किया उद्घाटन
डीग (नीरज जैन) कुश्ती दंगल हमारी ग्रामीण विरासत, आपसी सौहार्द और चरित्र निर्माण की सशक्त पाठशालाएं हैं। यह विचार राजस्थान सरकार के गृह, गोपालन, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य विभाग के राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने डीग जिले के बृजनगर कस्बे में आयोजित श्रीराम रथ यात्रा मेले के अंतर्गत विराट कुश्ती दंगल के शुभारंभ अवसर पर व्यक्त किए।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि पारंपरिक खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं होते, बल्कि ये हमारी संस्कृति, अनुशासन और सामाजिक एकता के संवाहक हैं। कुश्ती जैसे खेल युवाओं में संयम, परिश्रम, आत्मविश्वास और राष्ट्रभावना का संचार करते हैं। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने शारीरिक व मानसिक विकास के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में भी योगदान दें।
गृह राज्य मंत्री बेढम ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और ग्रामीण अंचलों में खेल संस्कृति को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं, बल्कि समाज में आपसी भाईचारे और समरसता को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति और नगरपालिका द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र की सांस्कृतिक धरोहर को संजोने की दिशा में सराहनीय प्रयास बताया।
इस अवसर पर राजस्थान सरकार के नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा, डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश सिंह, कठूमर विधायक रमेश खींची एवं रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम का महत्व और अधिक बढ़ गया।
दंगल के दौरान पहलवानों ने अखाड़े की पवित्र माटी पर अपने दमखम और कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। गृह राज्य मंत्री स्वयं अखाड़े में पहुंचे और पहलवानों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने दंगल की अंतिम एवं सबसे प्रतिष्ठित कुश्ती के लिए 1 लाख 51 हजार रुपये की पुरस्कार राशि की घोषणा करते हुए पहलवानों के हाथ मिलवाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ कराया।
कार्यक्रम के विशेष क्षण में क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों एवं खेल प्रेमियों ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए उनका भव्य फोटो फ्रेम गृह राज्य मंत्री को भेंट किया, जिसे जनविश्वास का प्रतीक बताया गया।
समारोह में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों और पारंपरिक आयोजनों के माध्यम से सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने पर बल दिया। हजारों की संख्या में उपस्थित खेल प्रेमियों और आमजन की उपस्थिति में संपन्न हुआ यह विराट कुश्ती दंगल खेल कौशल के साथ-साथ क्षेत्र में सहयोग, सेवा और सांस्कृतिक एकता का प्रेरक उदाहरण बनकर उभरा।