शादी के लिए 'शोले स्टाइल' में ड्रामा... प्रेमी से ब्याह की जिद में हाई वोल्टेज टावर पर चढ़ी युवती, हां सुनते ही उतरी नीचे
गोरखपुर (शशि जायसवाल) झंगहा थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की प्यार में जुनून की सारी हदें पार करते हुए 200 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गई। लड़की की मांग थी कि उसकी शादी उसके 17 वर्षीय बॉयफ्रेंड से तुरंत कराई जाए, वरना वह ऊपर से कूदकर जान दे देगी। लगभग 90 मिनट तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे ने पुलिस और स्थानीय लोगों की सांसें अटका दीं।
शादी की जिद और मौत की धमकी
घटना शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे की है। घर से महज 500 मीटर दूर स्थित पानी की टंकी पर चढ़ी इस किशोरी ने ऊपर से चीखना-चिल्लाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते वहां सैकड़ों ग्रामीणों का हुजूम उमड़ पड़ा। परिजनों और ग्रामीणों ने उसे हाथ जोड़कर नीचे उतरने की मिन्नतें कीं, लेकिन वह बार-बार रेलिंग के पास जाकर कूदने का इशारा करती रही, जिससे मौके पर मौजूद लोगों के रोंगटे खड़े हो गए।
जब पुलिस की बातों से नहीं बनी बात...
सूचना मिलने पर झंगहा थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने लाउडस्पीकर और बातचीत के जरिए उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन लड़की अपनी जिद पर अडिग थी। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने सूझबूझ से काम लिया और अंत में पुलिस ने किशोरी के 17 वर्षीय प्रेमी (9वीं का छात्र) को उसके घर से बुलवाया। पुलिस ने लड़की को यकीन दिलाने के लिए कि उसकी शादी उसी लड़के से होगी, मौके पर सिंदूर, माला और शादी का अन्य सामान मंगवाया। इन सामानों को देखकर लड़की का गुस्सा शांत हुआ और वह नीचे उतरने को राजी हुई।
सिंदूर और माला बना 'संजीवनी'
सिर्फ प्रेमी के आने से बात नहीं बनी। लड़की को यकीन दिलाने के लिए कि उसकी शादी पक्की है, मौके पर सिंदूर, वरमाला और शादी का अन्य सामान मंगवाया गया। जब उसे नीचे से ये चीजें दिखाई गईं, तब जाकर उसका गुस्सा शांत हुआ और वह नीचे उतरने को तैयार हुई।
जैसे ही लड़की नीचे उतरी, पुलिस ने लड़की को कानूनी उम्र और पढ़ाई का हवाला देकर समझाना शुरू किया, तो वह फिर से भड़क गई। पुलिस की नसीहत सुनते ही वह दोबारा टंकी की तरफ भागने लगी, जिसे महिला पुलिसकर्मियों ने दौड़कर बड़ी मुश्किल से पकड़ा।
पूछताछ में पता चला कि लड़की 8वीं की छात्रा है और लड़का 9वीं में पढ़ता है। दोनों आसपास के गांवों के रहने वाले हैं और एक ही सरकारी स्कूल में पढ़ते हैं। स्कूल आने-जाने के दौरान ही दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हुआ था.
समझौते के बाद घर भेजी गई छात्रा
झंगहा थाना प्रभारी अनूप सिंह ने बताया कि लड़का और लड़की दोनों नाबालिग हैं। थाने लाकर दोनों के परिजनों की मौजूदगी में लंबी काउंसलिंग की गई। अंत में लड़की इस बात पर राजी हुई कि बालिग होने के बाद उसकी शादी उसी लड़के से कराई जाएगी। फिलहाल उसे समझा-बुझाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।