घरेलू गैस वितरण की दैनिक रिपोर्ट जारी, भरतपुर में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध
भरतपुर, (कौशलेंद्र दत्तात्रेय) जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन सतत निगरानी कर रहा है। जिला कलक्टर कमर चौधरी के निर्देशानुसार जिला रसद अधिकारी कार्यालय द्वारा गैस वितरण की दैनिक समीक्षा रिपोर्ट जारी की गई है।
जिला रसद अधिकारी पवन अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में संचालित कुल 24 गैस एजेन्सियों के पास 14.2 किलोग्राम एवं 19 किलोग्राम श्रेणी के गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा वितरण कार्य व्यवस्थित रूप से जारी है। उन्होंने बताया कि 14.2 किलोग्राम श्रेणी में कुल 5382 सिलेंडरों का प्रारंभिक स्टॉक रहा, जिसमें 5905 सलेंडरों की आवक हुई तथा 5360 सिलेंडरों का वितरण किया गया। वर्तमान में 5927 सिलेंडर शेष स्टॉक के रूप में उपलब्ध हैं। इसी प्रकार 19 किलोग्राम श्रेणी में 396 सिलेंडरों का प्रारंभिक स्टॉक उपलब्ध रहा। इस दौरान 12 सिलेंडरों की आवक हुई तथा 47 सिलेंडरों का वितरण किया गया। वर्तमान में 361 सिलेंडर शेष स्टॉक के रूप में उपलब्ध हैं।
जिला रसद अधिकारी ने बताया कि जिले की सभी गैस एजेंसियों के माध्यम से नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि गैस सिलेंडर की आवश्यकता होने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही बुकिंग कराएं तथा अनावश्यक भंडारण से बचें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में एलपीजी एवं गैस संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए 181, 112 एवं 14435 हेल्पलाइन नंबर 24 घंटे संचालित हैं। कृत्रिम संकट, कालाबाजारी एवं जमाखोरी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रशासन द्वारा सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।