अलवर (अनिल गुप्ता) जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने आज कलक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक लेकर संबंधित विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय से जिले की सड़कों को और अधिक सुरक्षित बनाने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने वर्षवार सड़क दुर्घटनाओं की विस्तृत समीक्षा कर निर्देशित किया कि सड़क दुर्घटनाओं की प्रभावी रोकथाम एवं सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के लिए संबंधित विभाग समन्वित प्रयास कर आवश्यक सुरक्षात्मक कदम उठावें। उन्होंने राज्य राजमार्गों पर दुर्घटना सेंसिटिव बिंदुओं का चिन्हीकरण कर ब्रेकर व साइनेज इत्यादि कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुर्घटना संभावित बिंदुओं पर एएनपीआर कैमरे स्थापित करावें तथा दुर्घटनाओं को रोकथाम के लिए प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई की जावें। उन्होंने सीएमएचओ को निर्देश दिये कि पीएम राहत योजना में सरकारी एवं निजी अस्पतालों के माध्यम से दुर्घटना में पीड़ित व्यक्ति को 1.50 लाख रुपए के कैशलेस उपचार उपलब्ध कराए तथा जिले में योजना का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार भी कराया जावे।
जिला कलक्टर ने यूआईटी द्वारा शहर में बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन एवं पार्किंग व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण हेतु करवाए गए व्यापक सर्वे की रिपोर्ट का यूआईटी सचिव से फीडबैक लेकर संबंधित विभागीय एवं लेन मार्किंग, स्लिप लाइन का प्रयोग एवं एनफोर्समेंट की कार्रवाई करावें। उन्होंने निर्देश दिए कि शहर में पार्किंग की आवश्यकता के दृष्टिगत सर्वे रिपोर्ट के आधार पर जगह का निर्धारण किया जावे। उन्होंने क्षेत्राीय परिवहन अधिकारी को निर्देश दिये कि बाल वाहिनियों की प्रभावी चेकिंग कर प्रवर्तन कार्रवाई करने एवं ई-रिक्शा में सवाारियों को बैठानें व उतारने के लिए एक साइड का ध्यान रखने।
बैठक में एडीएम प्रथम बीना महावर, यूआईटी सचिव धाईगुडे स्नेहल नाना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रियंका रघुवंशी, पीडब्लूडी के अधीक्षण अभियंता भूरीसिंह, आरटीओ रविंद्र जोशी, सीएमएचओ डॉ. योगेन्द्र शर्मा, रिडकोर के प्रोजेक्ट डायरेक्टर पंकज मुदगिल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।