महावीर स्वामी का जन्म कल्याण महोत्सव हर्षोल्लास से मनाया
राजगढ़ (अलवर/अनिल कुमार गुप्ता) राजगढ़ कस्बे में जैन समाज की ओर से 24 वे तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी के 2625 वे जन्मकल्याणक महोत्सव का पावन पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जैन समाज के मंदिर में अनेक धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। दिगंबर जैन समाज एवं सकल जैन समाज राजगढ़ के अध्यक्ष राजेंद्र कुमार जैन ने बताया कि कस्बे के कमेटी की गली स्थित दिगंबर जैन मंदिर से बैंड बाजे के साथ शोभायात्रा निकाली गई।
शोभा यात्रा कस्बे के अनाज मंडी,चौपड़ बाजार, काकवाडी बाजार,गोल सर्किल,सराय बाजार होते हुए मेला का चौराहा स्थित जैन नसिया मंदिर पर पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु नाचते गाते हुए भगवान महावीर के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। यात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं ने श्रीफल चढ़ाकर पूजा अर्चना की। वही भगवान महावीर का जियो और जीने दो का संदेश दिया गया। रथ यात्रा नसिया जी के मंदिर पहुंचने पर भगवान महावीर स्वामी की आरती कर कलशाभिषेक किए गए। इसके बाद प्रसाद का वितरण किया गया।