वैश्य महिला समिति ने पक्षियों के लिए लगाए परिंडे; प्रतिदिन जल सेवा का लिया संकल्प
राजगढ़ (अलवर/ अनिल गुप्ता)। भीषण गर्मी के दस्तक देते ही बेजुबान पक्षियों को राहत पहुंचाने के लिए सामाजिक संस्थाएं आगे आने लगी हैं। इसी क्रम में आज कस्बे के नसिया जैन मंदिर परिसर में वैश्य महिला समिति के तत्वावधान में पक्षियों के लिए परिंडे बांधने का कार्यक्रम आयोजित किया गया।
समिति की अध्यक्ष रेणु जैन की अध्यक्षता में आयोजित इस सेवा कार्य में मंदिर परिसर और आसपास के पेड़ों पर मिट्टी के परिंडे लगाए गए। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि सदस्यों ने केवल परिंडे बांधे ही नहीं, बल्कि भीषण गर्मी के दौरान उनमें नियमित रूप से स्वच्छ पानी भरने की नैतिक जिम्मेदारी भी स्वीकार की।
इस अवसर पर अध्यक्ष रेणु जैन ने कहा, "बढ़ते तापमान में इंसानों के साथ-साथ पक्षियों के लिए भी पीने के पानी का संकट खड़ा हो जाता है। एक छोटा सा प्रयास कई बेजुबान पक्षियों की जान बचा सकता है।"
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष मीना खण्डेलवाल सहित समिति की अन्य महिला सदस्य उपस्थित रहीं। सभी ने स्थानीय नागरिकों से भी अपील की कि वे अपने घरों की छतों और बालकनी में पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था अवश्य करें।