नदबई क्षेत्र के लिए पहली बार एसी बस सेवा शुरू; गोवर्धन जयपुर मार्ग पर RSRTC की AC डीलक्स 2×2 बस का शुभारंभ, यात्रियों को मिलेगी बेहतर सुविधा
कठूमर (दिनेश लेखी) राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम द्वारा नदबई क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी सौगात देते हुए पहली बार एसी बस सेवा की शुरुआत की गई है। यह नई AC डीलक्स 2×2 बस सेवा लोहागढ़ डिपो द्वारा संचालित की जा रही है, जो गोवर्धन–जयपुर–गोवर्धन मार्ग पर नियमित रूप से चलेगी।
इस बस सेवा के प्रारंभ होने से क्षेत्र के यात्रियों को अब गर्मी के मौसम में आरामदायक और सुरक्षित यात्रा का विकल्प मिलेगा। लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा एसी बस की मांग की जा रही थी, जिसे अब निगम ने पूरा किया है। यह बस गोवर्धन से सुबह 05:30 बजे रवाना होकर कुठेर, नदबई, महुआ, बालाजी मोड़, सिकंदरा, दौसा होते हुए जयपुर पहुंचेगी। वहीं जयपुर से दोपहर 12:15 बजे प्रस्थान कर महुआ व भरतपुर के रास्ते वापस गोवर्धन आएगी।
वापिस शाम को भरतपुर से 06:00 बजे बस चलकर अजान, गुन्सारा, सौंख होते हुए 07:00 बजे गोवर्धन पहुंचेगी। इस नई सेवा के शुरू होने से नदबई एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों में खुशी की लहर है और यह सुविधा क्षेत्र के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।