वर्चस्व की रंजिश में हिस्ट्रीशीटर की पीट-पीटकर हत्या, बीच-बचाव करने आए माता-पिता को भी पीटा
फतेहपुर (यूपी/ शशि जयसवाल)। जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव पूरे रहिमाल (मजरे जमरावां) में शुक्रवार सुबह वर्चस्व की लड़ाई ने हिंसक रूप ले लिया। गांव के ही दबंगों ने एक राय होकर हिस्ट्रीशीटर पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना का एक विचलित करने वाला वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे, मृतक अभिमन्यु उर्फ कुन्नू यादव (32) अपने घर के बाहर मौजूद था। इसी दौरान आरोपी कमलेश यादव अपने साथियों के साथ लाठी-डंडों से लैस होकर पहुँचा और अभिमन्यु को घेरकर हमला कर दिया। हमलावरों ने बीच-बचाव करने आए वृद्ध पिता मान सिंह यादव और माँ ननकी देवी के साथ भी बेरहमी से मारपीट की। गंभीर रूप से घायल अभिमन्यु को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मृतक अभिमन्यु हुसैनगंज थाने का सूचीबद्ध हिस्ट्रीशीटर था, जिस पर लूट और मारपीट जैसे लगभग 20-25 आपराधिक मामले दर्ज थे। परिजनों के अनुसार, वह कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ था। बताया जा रहा है कि गांव के ही गैंगस्टर कमलेश यादव और मृतक के बीच लंबे समय से वर्चस्व को लेकर रंजिश चल रही थी।
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। शनिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मृतक का अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। पुलिस ने वायरल वीडियो को साक्ष्य मानते हुए आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है।
अभिमन्यु मांगलिक, एसपी फतेहपुर का कहना है कि -"पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया है। मुख्य आरोपी कमलेश यादव समेत 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही सबकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।"


