'रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण' का भव्य समापन; छात्राओं को सिखाए गए आत्मरक्षा के गुर, 'परिंडा लगाओ-परिंदा बचाओ' अभियान का भी हुआ आगाज
मुंडावर/खैरथल (हीरालाल भूरानी) राजकीय महाविद्यालय मुंडावर में गत 4 अप्रैल 2025 से संचालित 'रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम' का आज सफलतापूर्वक समापन हो गया। इस विशेष प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य छात्राओं को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाना था ताकि वे समाज में निडर होकर अपनी सुरक्षा स्वयं कर सकें।
समापन समारोह के मुख्य वक्ता प्रो. सतीश कुमार वर्मा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए विभिन्न आत्मरक्षा कौशलों का सार समझाया। उन्होंने छात्राओं को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि अनजान स्थानों पर यात्रा करने या अपरिचित व्यक्तियों से संवाद करते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। जागरूकता ही सुरक्षा की पहली सीढ़ी है।
कार्यक्रम प्रभारी प्रो. नूरजमा खां ने बालिकाओं को जीवन की कठिन परिस्थितियों में विचलित न होने की सीख दी। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे संघर्ष का रास्ता चुनें और हर मुश्किल का मजबूती के साथ सामना करें।
परिंडा लगाओ, परिंदा बचाओ: प्रशिक्षण के समापन के साथ ही महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवकों ने एक अनुकरणीय मानवीय पहल की। भीषण गर्मी को देखते हुए महाविद्यालय परिसर में विभिन्न स्थानों पर परिंडे लगाए गए। 'परिंडा लगाओ, परिंदा बचाओ' अभियान के तहत पक्षियों के लिए दाने और पानी की नियमित व्यवस्था का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर सीमा देवी, दिनेश कुमार भूटानी और राहुल सहित महाविद्यालय के अन्य स्टाफ सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।


