एचपीवी टीकाकरण को लेकर जिला कलेक्टर की अपील; अभिभावक बेटियों को अवश्य लगवाएं टीका
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) जिला कलक्टर कमर चौधरी ने जिले के समस्त अभिभावकों से अपील करते हुए कहा है कि वे अपनी 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बेटियों को एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) का टीका अवश्य लगवाएं, जिससे उन्हें भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।
उन्होंने बताया कि 28 फरवरी 2026 को माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार द्वारा बालिकाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए 14 से 15 वर्ष $90 दिन तक की आयु वर्ग की बेटियों को एचपीवी का टीका निःशुल्क लगाया जा रहा है। यह वैक्सीन गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर, जननांगों के मस्सों तथा अन्य कैंसर उत्पन्न करने वाले वायरस से बचाव में अत्यंत प्रभावी है।
जिला कलक्टर ने बताया कि एचपीवी संक्रमण को रोककर यह टीका भविष्य में कैंसर के जोखिम को काफी हद तक कम करता है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा उपलब्ध कराया जा रहा यह टीका पूर्णतः सुरक्षित, प्रभावी एवं वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित है। कुछ लोगों द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम पूरी तरह निराधार हैं।
अब तक जिन बालिकाओं को यह टीका लगाया जा चुका है उनमें किसी प्रकार के गंभीर दुष्प्रभाव सामने नहीं आए हैं। यह वैक्सीन 93 से 99 प्रतिशत तक प्रभावी मानी गई है। जिले में इस अभियान के तहत जिला अस्पताल, उप जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा निर्धारित टीकाकरण सत्र स्थलों पर नियमित रूप से टीकाकरण किया जा रहा है। आयु प्रमाण के लिए आधार कार्ड, स्कूल पहचान पत्र या मार्कशीट में से कोई एक पहचान पत्र आवश्यक है।
जिला कलेक्टर ने सभी अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपनी बेटियों को निर्धारित सत्र स्थल पर ले जाकर एएनएम/मेडिकल टीम के सहयोग से एचपीवी टीका अवश्य लगवाएं, ताकि उन्हें इस गंभीर बीमारी से बचाया जा सके और उनका भविष्य सुरक्षित बनाया जा सके।


