ग्रामीण समस्या समाधान शिविर मे पट्टा मिलने पर दामोदर के चेहरे पर झलकी खुशी
वैर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने एवं सुशासन सप्ताह के तहत आयोजित किये जा रहे ग्रामीण समस्या समाधान शिविर आमजन के लिये लाभकारी सिद्ध हो रहे हैं। वर्षों से बने हुये आवास का अभियान में घर बैठे पट्टा मिलने से ग्रामीणों के चेहरों पर खुशी झलकने लगी है।
दामोदर का आवादी में मकान बना हुआ था। जिसके पट्टा का नवीनीकरण नहीं हुआ था। दामोदर ने अपने पट्टे का नवीनीकरण कराने के लिए विगत वर्षों से अनेकों बार कार्यालयों के चक्कर काटे परन्तु पट्टे का नवीनीकरण जानकारी के अभाव में नहीं हो पाया।जिसकी वजह से दामोदर को अनेकों कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। दामोदर को समाचार पत्रों के माध्यम से ग्रामीण समस्या समाधान शिविरों की जानकारी मिली।भू अभिलेख निरीक्षक वृत समराया में आयोजित शिविर में दामोदर ने जाकर अपनी समस्या संबंधित अधिकारियों को बताई। अधिकारियों ने शिविर में आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति करवाकर त्वरित रूप से मकान का स्वामित्व पट्टा प्रदान किया गया।
दामोदर ने बताया कि मकान का आवासी पट्टा मिलने से जरूरत पडने पर लोन ले सकता हूँ और मैं आजीविका सम्बन्धित नया कार्य प्रारम्भ कर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकता हूँ। इसके लिये उसने सुशासन सप्ताह के तहत चलाये गये मुख्यमंत्री महोदय एवं राज्य सरकार का ऐसे शिविर आयोजन हेतु धन्यवाद ज्ञापित किया।


