अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई; कुम्हेर के छापर मोहल्ला में 8000 लीटर वॉश नष्ट, 7 भट्टियां ध्वस्त
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राजस्थान आबकारी विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंगलवार को कुम्हेर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई आबकारी आयुक्त, राजस्थान उदयपुर के निर्देशों की पालना में अतिरिक्त आबकारी आयुक्त जोन भरतपुर राजीव शर्मा के निर्देशन में संपन्न हुई।
कार्रवाई के दौरान जिला आबकारी अधिकारी तथा सहायक आबकारी अधिकारी लखन व्यास के मार्गदर्शन में प्रहराधिकारी रूपसिंह शेखावत (पी.ओ. भरतपुर, अतिरिक्त चार्ज कुम्हेर) ने आबकारी एवं पुलिस टीम के साथ संयुक्त रेड गश्त की।
संयुक्त टीम द्वारा अतिसंवेदनशील क्षेत्र छापर मोहल्ला, कुम्हेर में दबिश दी गई, जहां अवैध शराब निर्माण के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 8000 लीटर वॉश नष्ट किया गया तथा 7 अवैध भट्टियों को ध्वस्त किया गया। साथ ही सरकारी भूमि पर संचालित अवैध भट्टियों को भी पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।
इस दौरान 02 महत्वपूर्ण प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें कुल 115 लीटर हथकड़ शराब जब्त की गई। पहले प्रकरण में 60 लीटर अवैध शराब के साथ एक मोटरसाइकिल जब्त की गई, जबकि दूसरे प्रकरण में 55 लीटर हथकड़ शराब बरामद की गई।


