पूर्व विधायक बाबूलाल बैरवा को भावभीनी श्रद्धांजलि, तिये की बैठक में उमड़ा जनसैलाब
कठूमर (दिनेश लेखी)। विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ जननेता एवं पूर्व विधायक बाबूलाल बैरवा के निधन पर क्षेत्र में शोक की लहर है। उनका स्वर्गवास 3 मई 2026, रविवार को हो गया। उनके निधन के बाद मंगलवार को आयोजित तिये की बैठक में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आमजन की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जहां हजारों लोगों ने उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
तिये की बैठक में भरतपुर सांसद संजना जाटव, किशनगढ़ बास विधायक दीपचंद खेरिया, दौसा विधायक डीसी बैरवा, हिण्डौन विधायक अनीता जाटव, पूर्व मंत्री ममता भूपेश, रामगढ़ के पूर्व विधायक ज्ञानदेव आहूजा, चाकसू के पूर्व विधायक, प्रधान, पूर्व प्रधान, सरपंच, पूर्व सरपंच, डायरेक्टर सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने बाबूलाल बैरवा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके सामाजिक व राजनीतिक जीवन को याद किया।
इस दौरान बैठक में पहुंचे जनप्रतिनिधियों ने बताया कि बाबूलाल बैरवा एक सरल, मिलनसार और जनहित के प्रति समर्पित नेता थे, जिन्होंने अपने कार्यकाल में क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए। उनका निधन क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।
इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने उपस्थित होकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया। कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह भावुक रहा, जहां हर आंख नम नजर आई।
इस दौरान अमिताभ बैरवा, आदर्श बैरवा, अवधेश बैरवा ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बाबूलाल बैरवा का जीवन जनसेवा को समर्पित रहा और वे हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहेंगे।


