हथैनी ग्राम स्तरीय जनसुनवाई में जिला कलक्टर ने सुनी आमजन की समस्याएं
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से संचालित त्रि-स्तरीय जनसुनवाई व्यवस्था के तहत गुरुवार को ग्राम पंचायत हथैनी में ग्राम स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई में जिला कलक्टर कमर चौधरी ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर राहत प्रदान की। जनसुनवाई के दौरान लगभग 25 परिवेदनाएं प्राप्त हुईं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशानुरूप ग्रामीणों की समस्याओं का समयबद्धता के साथ समाधान कर राहत प्रदान की जाये। उन्होंने सभी अधिकारी को अपने विभागीय लम्बित प्रकरणों को निस्तारित करने की बात कही।
जनसुनवाई में जिला कलक्टर ने विकास अधिकारी सेवर को निरंजन सिंह के मकान से जघीना मार्ग तक जलभराव की समस्या के समाधान हेतु उचित प्लानिंग कर नालियों का निर्माण कराने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिल सके।
उन्होंने विद्युत सहायक अभियन्ता के अधिकारियों को पीरनगर स्थित राजकीय विद्यालय के पास से गुजर रही खराब विद्युत केबल को हटाकर नई केबल लगाने के निर्देश दिए। वहीं जलदाय विभाग को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय हथैनी में पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
जिला कलक्टर ने पीडब्ल्यूडी सहायक अभियंता को हथैनी ग्राम सड़क पर दुर्घटना संभावित स्थानों का मौका निरीक्षण कर आवश्यकतानुसार स्पीड ब्रेकर लगाने की बात कही। उन्होंने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय हथैनी के प्राचार्य को विद्यालय परिसर में क्षतिग्रस्त प्राथमिक विंग भवन को जमींदोज करने तथा गांव में सामुदायिक भवन निर्माण हेतु भूमि उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पीडब्ल्यूडी विभाग को हथैनी गांव से जाटोली रथभान मार्ग के बीच बने गड्ढों की मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए।
25 परिवेेदनाएं प्राप्त, मौके पर हुआ निस्तारण
जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एक्स-रे एवं सोनोग्राफी मशीन उपलब्ध कराने, किसान सम्मान निधि भुगतान, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराने, वेतन भुगतान, सामुदायिक भवन हेतु भूमि आवंटन, गंदे पानी की निकासी, रास्तों से संबंधित प्रकरण, अतिक्रमण हटाने, खाद्य सुरक्षा योजना आवेदन, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ दिलाने सहित विभिन्न समस्याएं जिला कलक्टर के समक्ष रखीं।
इनमें से कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया तथा अन्य प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। जनसुनवाई के दौरान भरतपुर उपखंड अधिकारी भारती गुप्ता, तहसीलदार अजय पारीक, नायब तहसीलदार संजय गुर्जर, सेवर विकास अधिकारी विनय मित्र, अतिरिक्त विकास अधिकारी विजयपाल सिंह, हथैनी सरपंच रेखा रानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


