तसई में महाराणा प्रताप जयंती पर क्षत्रिय समाज ने किया वीर शिरोमणि को नमन
कठूमर / दिनेश लेखी। ग्राम पंचायत तसई के सरपंच एवं प्रशासक मुकेश सिंह चौहान ने समस्त ग्रामवासियों के साथ शनिवार को महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती पर केक काटकर समस्त क्षत्रिय समाज एवं क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप शौर्य, स्वाभिमान, त्याग और बलिदान के प्रतीक थे। उनका जीवन मातृभूमि की रक्षा, सम्मान और स्वतंत्रता के लिए समर्पित रहा। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी कभी आत्मसम्मान से समझौता नहीं किया और संघर्ष के मार्ग पर अडिग रहे।
तसई ग्राम पंचायत के प्रशासक मुकेश सिंह चौहान ने कहा कि “जिस मिट्टी ने प्रताप जैसे वीर सपूत को जन्म दिया, वह धरती धन्य है।” उन्होंने युवाओं से महाराणा प्रताप के आदर्शों को अपनाने और राष्ट्र एवं समाज सेवा के लिए प्रेरित होने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। घास की रोटी खाकर भी स्वाभिमान की रक्षा करने वाले महाराणा प्रताप का त्याग और पराक्रम भारतीय इतिहास में सदैव अमर रहेगा।
अंत में उन्होंने “जय मेवाड़” और “जय राजपूताना” के उद्घोष के साथ सभी क्षेत्रवासियों को महाराणा प्रताप जयंती की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान अमन चौहान, छोटू सिंह, राहुल सिंह, भोला राजपूत, दौलत राजपूत, पहलाद राजपूत, रोहित सिंह, श्याम सिंह, विष्णु चौहान आदि सैकड़ो की संख्या में युवा मौजूद थे।


