कालवाड़ी ग्राम पंचायत में रथ यात्रा व रात्रि चौपाल का हुआ आयोजन; जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
कठूमर (दिनेश लेखी।) भनोखर मंडल की कालवाड़ी ग्राम पंचायत में राजस्थान सरकार की ओर से आयोजित रथ यात्रा कार्यक्रम एवं रात्रि चौपाल का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं ग्रामीणों की बड़ी संख्या में भागीदारी रही। रथ यात्रा के माध्यम से राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाई गई, वहीं रात्रि चौपाल में आमजन की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा प्रदेश मंत्री नारायण मीना ने कहा कि राज्य सरकार गांव, गरीब और किसान के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया।
कठूमर विधायक रमेश खींची ने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा एवं स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में विधानसभा प्रभारी जय आहूजा, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता शिवलाल मीना, नगर पालिका कठूमर अध्यक्ष शेर सिंह मीना, नगर पालिका खेरली अध्यक्ष संजय गुप्ता, मंडल अध्यक्ष मुकेश शर्मा, विक्रम शर्मा एवं शैलेन्द्र चौहान ने भी ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सरकार की योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी दी।
रात्रि चौपाल में उपखंड अधिकारी श्याम सुंदर चेतीवाल, तहसीलदार भानुप्रताप सिंह, कठूमर बीडीओ शिवराम मीना, एईएन वेदप्रकाश पटेल, पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने पेयजल संकट, बिजली व्यवस्था, सड़क मरम्मत, सफाई व्यवस्था एवं अन्य स्थानीय समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा, जिस पर अधिकारियों ने शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम के दौरान रथ यात्रा के माध्यम से ग्रामीणों को राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं सामाजिक कल्याण कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। ग्रामीणों ने भी खुलकर अपनी समस्याएं एवं सुझाव जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के समक्ष रखे।
कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।


